चंडीगढ़ | सेक्टर-38 में मां के श्राद्ध के दौरान 23 वर्षीय युवक पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को पीजीआई के एडवांस ट्रॉमा सेंटर में पहुंचाया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। वहीं, हमलावर घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। मृतक की पहचान साहिल के रूप में हुई है।
वह सेक्टर 38 में रहता था। मृतक के चाचा बिन्नी ने बताया कि मोहल्ले में जागरण चल रहा था। यह घटना वहीं हुई। बिन्नी ने कहा कि घटना के वक्त वह घर पर थे, इसलिए वहां क्या हुआ, इसके बारे में उन्हें ज्यादा जानकारी नहीं है।
उन्होंने कहा कि उन्हें एक लड़के से सूचना मिली थी कि साहिल को किसी ने चाकू मार दिया है। ऐसे में वह मौके पर ही दौड़ पड़े। उन्होंने मौके पर जाकर देखा तो साहिल सड़क पर पड़ा था और खून बह रहा था।
साहिल को उठाते ही एक युवक मोटरसाइकिल के पीछे आ गया और उसके चाचा साहिल को बीच में बैठाकर अस्पताल ले गए। करीब डेढ़ घंटे तक डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन वह बच नहीं सका। बिन्नी ने कहा कि साहिल के चेहरे पर चोट थी और पेट में चाकू मारा गया था।
दूसरी ओर घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस अज्ञात हमलावरों की तलाश कर रही है। साथ ही पुलिस मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों को पकड़ने का प्रयास कर रही है. साहिल कुछ दिन पहले तक एक संस्थान में काम करता था। हालांकि छुट्टी होने के कारण उन्हें हटा दिया गया था।





