लुधियाना | पंजाब के रायकोट के गांव ताजपुर निवासी एक व्यक्ति ने शादी के साढ़े सात साल बाद भी बच्चा नहीं होने पर अपनी पत्नी को कथित तौर पर जहर देकर मार डाला। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपनी पत्नी पर शक करता था। सदर रायकोट पुलिस ने आरोपी सरनजीत सिंह को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। आरोपी पति गांव में ही गुरुद्वारा साहिब में ग्रंथी है।
मृतका की पहचान जसविंदर कौर (31) के रूप में हुई है। उसकी मां अमरजीत कौर ने आरोप लगाया कि बच्चा नहीं होने पर सरनजीत उसे प्रताड़ित करता था। 10 जनवरी को भी आरोपी ने फिर से उसकी बेटी के साथ मारपीट की। जब उसकी बेटी ने उसे यह बात बताई, तो उसने सरनजीत को फोन किया। उसने उसे समझाया, लेकिन वह नहीं माना।
मुंह और नाक से निकल रही थी झाग
महिला ने कहा कि 11 जनवरी को सरनजीत सिंह ने उसे बताया कि जसविंदर कौर बाथरूम में फिसल गई थी और वह बेहोश हो गई थी, जिसके बाद वह गांव ताजपुर पहुंची। जब वह वहां पहुंची तो उसने देखा कि उसकी बेटी बिस्तर पर बेहोशी की हालत में पड़ी है। उसके मुंह और नाक से झाग निकल रहा था।
पूछे जाने पर सरनजीत सिंह ने कहा कि उन्हें कुछ दौरा पड़ा होगा और वह जल्द ही सामान्य हो जाएगी। जिसके बाद वह अपनी बेटी को अस्पताल ले गई, जहां शुक्रवार को उसकी मौत हो गई।
जहर देकर मारने का आरोप
जांच अधिकारी गुरमीत सिंह ने बताया कि मृतका की मां ने उसके पति पर जहर देकर मारने के आरोप लगाए हैं। जिसके बाद उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया। आरोपी को बस स्टैंड से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी फरार होने की तैयारी में था। पुलिस ने उसे दो दिन के रिमांड पर लिया है।





