सोमवार से शुरू हुई डीसी आफिस कर्मचारियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। सुबह रूटीन की तरह जिला प्रशासकीय कंपलेक्स में स्थित विभिन्न सरकारी विभागों के कार्यालय खोले गए। लेकिन सामूहिक अवकाश के चलते ना तो अधिकारी पहुंचे तथा ना ही कर्मचारी आफिस आए। इस कारण जिला प्रशासकीय कांप्लेक्स में विभिन्न तरह के सरकारी काम करवाने के लिए आए लोगों को दूसरे दिन भी बैरंग लौटना पड़ेगा।
विभिन्न प्रकार के सरकारी विभागों के कार्यालय वीरान
लुधियाना के आरटीए नरेंद्र सिंह धालीवाल को भ्रष्टाचार के आरोप में विजिलेंस द्वारा छह जनवरी को गिरफ्तार किया गया था। जिसके बाद से लेकर पीसीएस आफिसर्स एसोसिएशन ने पांच दिन के सामूहिक अवकाश की घोषणा थी। जिसे डीसी आफिस कर्मचारी यूनियन ने भी अपना समर्थन दे दिया। जिसके बाद से लेकर प्रशासकीय कांप्लेक्स स्थित विभिन्न प्रकार के सरकारी विभागों के कार्यालय वीरान पड़े हुए हैं।
लुधियाना के आरटीए पर नियमों के विपरीत कार्रवाई की गई
इस बारे में डीसी आफिस कर्मचारी यूनियन के जिला अध्यक्ष नरेश कुमार कौल तथा महासचिव जगदीश सलूजा ने बताया कि लुधियाना के आरटीए पर नियमों के विपरीत कार्रवाई की गई है। बिना विभागीय जांच के विजिलेंस द्वारा उन्हें गिरफ्तार करके अधिकारियों तथा कर्मचारियों का मनोबल गिराया है।





