चंडीगढ़: गैर सरकारी सहायता प्राप्त कालेज मैनेजमैंट फैडरेशन (एन.जी.सी. एम.एफ.), प्रिंसीपल एसोसिएशन, पंजाब चंडीगढ़ कालेज टीचर्स यूनियन (पी.सी.सी.टी.यू.) और एसोसिएशन ऑफ एडिड प्राइवेट कालेज की संयुक्त कार्रवाई समिति (जे.ए.सी.) ने विरोध स्वरूप 18 जनवरी को समूह कालेजों को तालाबंद रखने का ऐलान किया है। राज्य सरकार पर मनमाने व पक्षपातपूर्ण केंद्रीयकृत दाखिला पोर्टल लागू करने संबंधी फैसले का आरोप लगाया गया है।
इस संबंध में सोमवार को गुरु नानक खालसा कालेज फॉर विमेन लुधियाना में जे.ए.सी. व गैर सहायता प्राप्त कालेजों की संयुक्त बैठक में उक्त मुद्दे पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए फैडरेशन के अध्यक्ष राजेंद्र मोहन सिंह छीना ने कहा कि वह बहुत संकट में हैं और सरकार उनकी मांगों के प्रति अपनी गैर जिम्मेदारी के कारण यह कठोर कदम उठा रही है। सचिव एस.एम. शर्मा ने कहा कि 18 जनवरी को राज्य के सभी कालेज बंद रहेंगे और सभी जिला मुख्यालयों में उपायुक्तों को मांग पत्र सौंपे जाएंगे।





