जन्मदिन मना कर घर लौट रहे गांव लक्खा के चार नौजवान दोस्त गुरुवार रात करीब 12 बजे गांव डल्ला के पास कार समेत नहर में जा गिरे। इस घटना में 23 साल के दिलप्रीत सिंह पुत्र हरदेव सिंह और उसका दोस्त सतनाम सिंह पानी के तेज बहाव में बह गए। दिलप्रीत का जन्मदिन मनाने ही दोस्त गए थे। दोनों को अभी तक कुछ पता नहीं चल सका है। वहीं इकबाल सिंह और मनजिंदर सिंह किसी तरह कार की छत पर चढ़े और मदद के लिए शोर मचाने लगे।
सन्नाटे में उनकी तेज आवाज सुनकर गांव डल्ला के कुछ नौजवान और अन्य लोग नहर किनारे पहुंच गए। गांव डल्ला के नौजवान बंटी कालू और मोंटू ने नहर में जाकर इकबाल और मनजिंदर को सही सलामत बाहर निकाल लिया। उन्होंने दिलप्रीत और सतनाम को भी नहर में खोजने की काफी कोशिश की लेकिन वो नहीं मिले। गांव डल्ला के पूर्व सरपंच चंद सिंह डल्ला ने बताया कि डल्ला नहर के समीप मल्ला रसूलपुर सड़क पर तीखा मोड़ है जहां से दोस्तों की जेन कार मुड़ नहीं सकी और सीधा नहर में जा गिरी। इस घटना से गांव लक्खा में मातम छा गया है। वहीं नहर में जान बचाने गए बंटी का मोबाइल फोन और कपड़े कोई चुरा कर ले गया।





