Sunday, April 19, 2026
Google search engine

मोहाली : सिद्धू मूसेवाला के गाने चलाने पर हमला, नए साल की पार्टी के जश्न में पड़ा खलल

मोहाली के सेक्टर-70 स्थित होमलैंड सोसाइटी में नए साल को लेकर आयोजित की गई पार्टी में सिद्धू मूसेवाला के गीत चलवाने को लेकर हंगामा हो गया। इसके बाद सोसाइटी में रहते कुछ व्यक्तियों ने एक व्यक्ति पर हमला बोल दिया। उन्हें घायल करके हमलावर मौके से फरार हो गए। मटौर पुलिस ने सोसाइटी में रहने वाले गौरव भारती समेत आठ अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।

पीड़ित रणजीत सिंह बराड़, जो आम आदमी पार्टी के एक बड़े नेता के बेहद करीबी माने जाते हैं, ने बताया कि 31 दिसंबर की रात को होमलैंड सोसाइटी में रहते अपने दोस्त राज जगपाल के घर गए थे। वहां पर नए साल की पार्टी चल रही थी। इस दौरान उन्होंने डीजे वाले से सिद्धू मूसेवाला का गीत लगाने को कहा। गीत लगाने के दौरान वहां पर गौरव भारती पहुंच गया और डीजे वाले को गीत लगाने से मना करते हुए बहस करने लगा।

इसके बाद बराड़ वापस अपने दोस्त के पास आ गए। कुछ ही समय के बाद जब वह जाने लगे तो गौरव भारती समेत सात-आठ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावर जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद उन्हें उनके दोस्त ने जख्मी हालत में फेज-6 स्थित सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां पर उन्होंने आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी। इसके बाद मटौर थाना पुलिस ने केस दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments