पंजाब के विभिन्न जिलों में घनी धुंध के कारण जानलेवा हादसे हो रहे हैं। बीती 19 दिसंबर को पटियाला समेत अन्य जिलों में कुल 5 सड़क हादसे हुए हैं, जिनमें 3 मासूम बच्चियों समेत 6 लोगों की मौत हुई। 15 से अधिक लोग घायल भी हुए हैं।
मृतकों की पहचान गांव हंथन निवासी सुरिंदर सिंह, गुरदीप सिंह और शेर मोहम्मद के रूप में हुई है। पंजाब के कुल 17 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।
पटियाला के गांव हरीगढ़ में रात को धुंध के कारण सड़क पर खड़ी गन्ने से भरी ट्राली से एक टाटा 407 टकराकर पेड़ से जा भिड़ी। टाटा 407 में सवार 6 लोगों में से 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद लोग घायलों को गाड़ी से बाहर निकाल रहे थे कि एक अन्य तेज रफ्तार गाड़ी ने दो और लोगों को टक्कर मार दी। दोनों की हालत गंभीर होने के चलते स्थानीय अस्पताल द्वारा उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया है।
फाजिल्का में भी 3 बच्चियों की मौत
फाजिल्का में हुए सड़क हादसे में भी तीन बच्चियों की मौत हुई है, जबकि उनके पिता की हालत गंभीर बनी हुई है। घायल सुलतान सिंह ने बताया कि वह 19 दिसंबर की रात बेटियों के साथ घर जा रहा था। खरास वाली ढाणी के समीप एक तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में बेटी सिमरनजीत (9), कुलविंदर (7) और मीरा बाई (4) की मौत हो गई।





