श्रद्धा वालकर के अवशेषों को खोज रही दिल्ली पुलिस ने एक मानव जबड़ा बरामद किया है एवं यह पता लगाने के लिए यहां एक दंत चिकित्सक से संपर्क किया है कि क्या यह जबड़ा पीड़िता का ही है। दंत चिकित्सक ने नाम नहीं छापने की शर्त पर कहा कि वह किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले और जानकारी चाहते हैं। उन्होंने कहा, पुलिस आज आई थी। उनके पास जबड़े की एक तस्वीर थी जिसे उन्होंने तलाशी के दौरान बरामद किया। मैंने उनसे मुंबई के उस डाक्टर से एक्स-रे लेने को कहा, जिसने रूट कैनाल उपचार (आरसीटी) के लिए पीड़िता का इलाज किया था। बिना एक्स-रे के, इसकी पहचान मुश्किल है। दिल्ली पुलिस ने रविवार को एक वन क्षेत्र से खोपड़ी के कुछ हिस्से और कुछ हड्डियां बरामद की थी।
महाराष्ट्र के फ्लैट से जून में 37 बक्सों में आफताब ने दिल्ली भेजा था सामान
इस साल मई में आरोपी आफताब पूनावाला ने महाराष्ट्र के पालघर जिले स्थित अपने घर से जून में 37 बक्सों में सामान दिल्ली भेजा था और इसके लिए 20 हजार रुपए का भुगतान किया था। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूनावाला ने दिल्ली पुलिस को बताया था कि राष्ट्रीय राजधानी जाने से पहले उसके और वालकर के बीच लड़ाई हुई थी कि पालघर के वसई इलाके में उनके घर से सामान भेजने का खर्च कौन उठाएगा।





